हरिद्वार।
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जनपद में लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन कर नियमानुसार जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और बूथों का सत्यापन कर उनकी सूची दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्वाचन कार्यों के सुचारू संचालन के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) तथा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती संबंधी सूची तैयार करने को भी कहा गया।

डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखते हुए लगातार कार्रवाई करने पर जोर दिया।

बैठक में अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी कार्य प्राथमिकता से पूरा करने और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *