हरिद्वार।
साल की शुरुआत में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर पैदा हुए संकट के बीच हरिद्वार में पाइपलाइन नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। कुंभ क्षेत्र में अंडरग्राउंड गैस पाइपलाइन बिछाने और घरों, व्यावसायिक संस्थानों तक गैस पहुंचाने के लिए प्रशासन के सहयोग से हरिद्वार नेचुरल गैस कंपनी वृहद स्तर पर पाइपलाइन बिछाने में जुटी हुई है।

भारत पेट्रोलियम और गेल इंडिया की साझेदारी वाली हरिद्वार नेचुरल गैस के पास घरेलू और व्यावसायिक श्रेणी में 24 हजार से अधिक कनेक्शन हैं। कंपनी का लक्ष्य चालू वर्ष में करीब 10 हजार से अधिक नए उपभोक्ताओं को जोड़ना है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का कहना है कि एलपीजी सिलेंडर पर लोगों की निर्भरता कम करने और सुरक्षित प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पाइपलाइन विस्तार में तेजी लाने और आवश्यक अनुमतियां उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।

हरिद्वार नेचुरल गैस के सीईओ विवेक वोहरा के मुताबिक कंपनी अधिक से अधिक घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। नेटवर्क विस्तार के साथ नए उपभोक्ताओं को जोड़ने पर काम किया जा रहा है, ताकि लोगों को सिलेंडर के विकल्प के रूप में पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस उपलब्ध हो सके।

 

पीएनजी उपभोक्ता सोनिया राणा और रिंकी त्रिपाठी के अनुसार, पाइपलाइन गैस से खाना पकाना सुविधाजनक है। सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार भी नहीं करना पड़ता। इसके साथ ही एलपीजी सिलेंडर में कई बार गैस भी कम निकलती है। हरिद्वार में पाइपलाइन के जरिए गैस मिलना ग्राहकों के लिए सुविधाजनक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *