युद्ध स्तर पर हो गड्ढा मुक्त सड़कों का काम, धरातल पर उतरकर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

युद्ध स्तर पर हो गड्ढा मुक्त सड़कों का काम, धरातल पर उतरकर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

हरिद्वार।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत जनपद की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को खुद धरातल पर उतरे। उन्होंने चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप समेत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर डामरीकरण और पेंचवर्क की स्थिति देखी। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

श्रमिक और संसाधन बढ़ाकर तेज करें काम

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित समयसीमा में सड़कें गड्ढामुक्त करने के लिए पर्याप्त संख्या में श्रमिक और संसाधन लगाए जाएं। चंडी पुल के मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण किया गया। शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क और डामरीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश एनएच अधिकारियों को दिए।

60 मीटर स्पान पुल और कुंभ कार्यों का जायजा

दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का निरीक्षण कर डीएम ने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने आगामी कुंभ मेले से संबंधित लोक निर्माण विभाग के कार्यों को भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

सड़क किनारे पेंटिंग और स्ट्रीट लाइट भी होंगी दुरुस्त

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में पेंटिंग और वॉल पेंटिंग कराने के साथ खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान एनएच, लोनिवि और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *