22वीं डिस्ट्रिक्ट यूथ बास्केटबॉल चैंपियनशिप शुरू, खिलाड़ियों में उत्साह
ब्यूरो
Posted no : 04/10/2026
हरिद्वार।
जगजीतपुर स्थित शिवडेल स्कूल में 22वीं डिस्ट्रिक्ट यूथ बास्केटबॉल चैंपियनशिप का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य अनुपम जग्गा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस डे-नाइट प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने बताया कि इस चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य स्कूल स्तर पर बास्केटबॉल की उभरती प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच और प्रतिस्पर्धी माहौल देना है। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों के खेल में निखार आएगा और जिले से नई प्रतिभाएं सामने निकलकर आएंगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल के दौरान अनुशासन और उच्च खेल भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उद्घाटन समारोह में खेल जगत और शिक्षण संस्थानों से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
इनमें जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन रवि बजाज, शिवडेल स्कूल के प्रधानाचार्य ए.के. बंसल, गुरुकुल कांगड़ी के खेल विभाग अध्यक्ष अजय मलिक, अमित शर्मा, अरविंद बंसल, विपिन मलिक और मंदीप ग्रेवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
