भगवान श्री चंद्र महाराज के जन्मोत्सव पर अयोध्या में दो दिवसीय निशुल्क नेत्र शिविर आयोजित, सैकड़ों लोगों ने कराई जांच
ब्यूरो
Posted no : 19/09/2026
अयोध्या।
भगवान श्री चंद्र महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या में दो दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने अपनी आंखों की जांच कराई।
यह कल्याणकारी आयोजन पंजाब के मलेरकोटला (अहमदगढ़) स्थित डेरा बाबा शराब सुख जी फकीर उदासीन, जंडाली खुर्द द्वारा आयोजित किया गया था। शिविर के दौरान नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने मरीजों की आंखों की विस्तृत जांच की, निशुल्क दवाइयां वितरित कीं और मोतियाबिंद सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आगे के इलाज की सलाह दी।
डेरा प्रमुख महंत दामोदर दास महाराज ने शिविर के समापन पर कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी ईश्वर भक्ति है। भगवान श्री चंद्र जी के सिद्धांतों पर चलते हुए डेरा हमेशा से जरूरतमंदों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी सामाजिक व चिकित्सीय कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
