देहरादून।
उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन के द्विवार्षिक अधिवेशन के तहत आयोजित चुनाव में प्रवीण सैनी को लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से गढ़वाल मंडल अध्यक्ष चुन लिया गया है। वहीं विपिन उनियाल को मंडल महामंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। नेहरू कॉलोनी स्थित प्रांतीय कार्यालय में गरिमामय माहौल में आयोजित इस चुनावी प्रक्रिया को चुनाव अधिकारी दिनेश पंत और सहायक चुनाव अधिकारी लाल बहादुर थापा की देखरेख में निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया गया।

​प्रदेश कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा के तुरंत बाद गढ़वाल मंडल कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें राज्य की विभिन्न शाखाओं से आए प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति दिखाते हुए प्रवीण सैनी और विपिन उनियाल के नेतृत्व पर दोबारा भरोसा जताया। नई कार्यकारिणी में मालदत्त सती और दीपक चौहान को उपाध्यक्ष, दिनेश चौहान को मीडिया प्रभारी और चतर सिंह चौहान को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा रविता सैनी और जितेन्द्र राजभर को संगठन सचिव, रिंकी तोमर को प्रचार सचिव और धनसिंह चौहान को कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​इस द्विवार्षिक अधिवेशन में हरिद्वार, ऋषिकेश, उत्तरकाशी, चमोली, मसूरी, रुड़की, देवप्रयाग और डोईवाला सहित दो दर्जन से अधिक शाखाओं के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष रूप से हरिद्वार शाखा से अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत और सचिव अमित कुमार की अगुवाई में पहुंचे सैकड़ों कर्मचारियों ने चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अध्यक्ष चुने जाने पर प्रवीण सैनी ने सभी शाखा प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के त्वरित निस्तारण व संगठन के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed