सरकार के बेहतर प्रबंधन से गदगद हुए कांवड़िये, स्वास्थ्य से लेकर सुरक्षा इंतजामों की सराहना
ब्यूरो
Posted no : 07/08/2026
हरिद्वार।
विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है और धर्मनगरी हरिद्वार में देश के कोने-कोने से आने वाले शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। गंगाजल लेने पहुंच रहे श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से पूरा माहौल शिवमय हो गया है। अंतिम दिनों में भक्तों के भारी आगमन को देखते हुए यात्रा मार्गों पर अभूतपूर्व रोनक देखने को मिल रही है। उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, मेडिकल कैंप और ठहरने की व्यवस्थाओं को बेहद मजबूत किया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार मुस्तैद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।
हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और नोएडा से आए श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार सफाई, सुरक्षा और पानी के इंतजाम पहले की तुलना में काफी बेहतर हैं। यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिलने से श्रद्धालुओं की राह और आसान हो गई है।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार व्यक्त किया है। कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा और पैर धोकर दिए गए सम्मान से शिवभक्तों का उत्साह कई गुना बढ़ गया है। कई बार कांवड़ ला चुके पुराने श्रद्धालुओं ने भी माना कि इस बार की व्यवस्थाएं और आदर-सत्कार बेहद अभिभूत करने वाला है। बेहतर प्रबंधन और निस्वार्थ सेवाभाव के कारण इस वर्ष की कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक अत्यंत सुखद और यादगार अनुभव बन रही है। धर्मनगरी में हर तरफ ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंज रहे हैं और श्रद्धालु सरकार द्वारा की गई सेवाओं से पूरी तरह संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
