कुंभ 2027 से पहले चलेगा ‘हरित हरिद्वार’ अभियान, सामाजिक संगठनों का मिल रहा समर्थन

कुंभ 2027 से पहले चलेगा ‘हरित हरिद्वार’ अभियान, सामाजिक संगठनों का मिल रहा समर्थन

ब्यूरो

Posted no : 27/05/2026

हरिद्वार।
आगामी कुंभ मेला-2027 को पर्यावरण अनुकूल और भव्य बनाने के लिए प्रशासन द्वारा शुरू की जा रही हरित हरिद्वार पहल को क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। मेलाधिकारी सोनिका की पहल पर प्रस्तावित इस विशेष वृक्षारोपण अभियान को लेकर स्वयंसेवी संस्थाओं, गैरसरकारी संगठनों (NGOs), शिक्षण संस्थानों, पर्यावरण संरक्षण समूहों और आम नागरिकों में भारी उत्साह का माहौल है। ​इसी सिलसिले में मेला नियंत्रण भवन में अभियान की तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में लगभग चार दर्जन गैरसरकारी और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। सभी संगठनों ने प्रशासन की इस पर्यावरणीय पहल की सराहना करते हुए इसे पूरी तरह जनभागीदारी पर आधारित बताया और इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

​बैठक के दौरान आगामी मानसून सत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान संचालित करने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहे, बल्कि समाज के विभिन्न वर्ग स्वैच्छिक रूप से इन पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी लें, ताकि अभियान दीर्घकालिक रूप से सफल हो सके।

​बैठक को संबोधित करते हुए ललित नारायण मिश्र ने कहा कि वृक्षारोपण को मात्र एक औपचारिकता ना बनाकर एक सशक्त जनआंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के साथ-साथ उन्हें जीवित और सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस दिशा में स्वयंसेवी व धार्मिक संस्थाएं इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सेतु का कार्य कर सकती हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों में इस अभियान के प्रति व्यक्तिगत जुड़ाव पैदा करना है।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *