हरिद्वार।
जिले के नारसन बॉर्डर से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले लोगों को प्रदेश की शैली की झलक देखने को मिलेगी। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से नेशनल हाईवे 58 पर विशाल प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। प्रवेश द्वार का ढांचा बनकर तैयार हो गया है। बहुत जल्द इसका उद्घाटन किया जाएगा। प्रवेश द्वार में पहाड़ी शैली की कलाकृतियां और राजकीय पुष्प ब्रह्म कमल को दर्शाया गया है, जिससे दूसरे राज्यों से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले लोगों को उत्तराखंड में एंट्री करने का खास एहसास होगा।
पहाड़ी संस्कृति की झलक मिलेगी
हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने जानकारी दी की जब लोग यूपी से उत्तराखंड में प्रवेश करते हैं तो पुलिस की चौकी के अलावा उत्तराखंड की कोई पहचान नहीं मिलती। नया प्रवेश द्वार बनने से लोगों को देवभूमि उत्तराखंड में प्रवेश करने का खास एहसास होगा। साथ ही इसके जरिए सभी का स्वागत भी किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गेट में उत्तराखंड की पहाड़ी संस्कृति की झलक देखने के लिए मिलेगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने में भी मदद मिलेगी।
