हरिद्वार।
लक्सर में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव करने वाले सलमान नाम के युवक को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को देहरादून से लखनऊ जा रही बंदे भारत ट्रेन पर लक्सर रेलवे स्टेशन के पास सलमान ने पथराव किया था। ट्रेन में मौजूद गार्ड ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद लक्सर रेलवे स्टेशन की आरपीएफ पुलिस ने मौके के पर पहुंचकर 22 साल के सलमान को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर सलमान ने ट्रेन पर पत्थर फेंकने की बात कबूली। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सलमान दिमागी सनक के कारण बंदे भारत पर पत्थर फेंक रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया है। आरोपी लक्सर के खड़ंजा गांव का रहने वाला है।
