देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ISBT, देहरादून में उत्तराखण्ड परिवहन निगम की 130 नई BS-06 मॉडल की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आधुनिक तकनीक से युक्त नई बसें यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का अनुभव प्रदान करेंगी। इसके साथ ही, ये बसें राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार करेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक स्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, और राज्य के दुर्गम क्षेत्रों के लोग परिवहन नेटवर्क पर निर्भर हैं। इन नई बसों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। राज्य के हर कोने को बेहतर सड़क नेटवर्क और विश्वसनीय परिवहन सेवाओं से जोड़ना सरकार का संकल्प है, जिससे राज्य का आर्थिक विकास और पर्यटकों की सुविधा बढ़ेगी। प्रभावी परिवहन तंत्र यात्रियों की सुविधा के लिए न केवल अति-आवश्यक है, बल्कि आर्थिक विकास में भी अपना योगदान देता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जहां पूर्व तक हमारा परिवहन निगम 500 करोड़ रुपए से भी अधिक घाटे में था, अब पिछले तीन वर्षों से निगम मुनाफे में है। परिवहन निगम के कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि निगम को और मजबूत बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
