देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन, देहरादून में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर पुलिस और अर्द्ध सैन्य बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस कार्मिकों के आवासीय भवनों के निर्माण के लिए आगामी वित्तीय वर्ष में ₹100 करोड़ की राशि आवंटित करने, उत्तराखण्ड पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के पौष्टिक आहार भत्ते में ₹100 की वृद्धि करने, निरीक्षकों और सहायक उप निरीक्षकों के वर्दी भत्ते में ₹3500 की वृद्धि करने और 9,000 फीट से अधिक ऊँचाई पर तैनात पुलिस और एस.डी.आर.एफ. कर्मियों को प्रदान किए जा रहे उच्च तुंगता भत्ता ₹200 प्रतिदिन से बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आन्तरिक सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने का उत्तरदायित्व राज्यों के पुलिस बल एवं अर्द्ध सैनिक बलों का है। विगत एक वर्ष में सम्पूर्ण भारत में अर्द्ध सैनिक बलों एवं विभिन्न राज्यों के कुल 216 पुलिसकर्मी शहीद हुए। जिसमें उत्तराखण्ड पुलिस के 04 वीर सपूतों ने भी अपने प्राणों की आहुति दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय पुलिस स्मारक की स्थापना की गई है, जो हमारे पुलिस बल के अद्वितीय समर्पण और बलिदान का प्रतीक है। पिछले कुछ वर्षों में हमारी पुलिस ने अनेक चुनौतियों का सामना किया है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में नक्सलवाद, आतंकवाद, प्राकृतिक आपदाओं, कानून व्यवस्थाओं से संबंधित जटिल परिस्थितियों में भी हमारी पुलिस ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *