हिमालय, जल और जंगल को बचाने के लिए सबको मिलकर करने होंगे प्रयास – मुख्यमंत्री


ब्यूरो
Posted no : 09/09/2024
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हिमालय दिवस के मौके पर मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय के सरोकारों से जुड़े विषयों के लिए महानिदेशक यूकॉस्ट दुर्गेश पंत के संयोजन में एक कमेटी बनाई जायेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने यूकॉस्ट द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय पांचवें देहरादून, अन्तरराष्ट्रीय साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी फेस्टिवल के पोस्टर का विमोचन किया। यह महोत्सव 06 जनपदों देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ स्थित इंजीनियरिंग कॉलेजों में किया जायेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी को हिमालय दिवस की शुभकामनाएं दी और हिमालय के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रहे लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य में हर वर्ष 2 सितम्बर को बुग्याल संरक्षण दिवस मनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन तेजी से हो रहा है। देहरादून में भी इस वर्ष तापमान में काफी वृद्धि हुई। तेज गति से बढ़ता तापमान भविष्य के लिए चिंताजनक है। हमें हिमालय, जल और जंगल के संरक्षण की दिशा में मिलकर प्रयास करने होंगे, हमें सोचना होगा कि भावी पीढ़ी को विरासत में क्या देकर जा रहे हैं।