हरिद्वार।
बियर बांट कर सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बटोरना युवक को भारी पड़ गया है। ड्राई एरिया में बियर बांटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अंकुर चौधरी नाम के युवक को धर दबोचा है और उसे कड़ी फटकार लगाते हुए पुलिस एक्ट में उसका चालान कर दिया है। इतना ही नहीं हरिद्वार पुलिस की ओर से युवक का एक वीडियो भी जारी किया गया है जिसमें अंकुर चौधरी अपनी हरकत के लिए सार्वजनिक तौर से माफी मांग रहा है।
गौरतलब है कि अंकुर चौधरी नाम का युवक इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर पोस्ट करता है। सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाने के लिए वह कई तरह के हथकंडे अपनाता हैं। बुधवार को उसका कनखल क्षेत्र में बीयर की केन बांटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद हरिद्वार के तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों ने वीडियो को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी साथ ही पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद और लोगों की ओर से शिकायत मिलने के बाद लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए थाना सिडकुल क्षेत्र में मंत्रा सोसाइटी निवासी आरोपी युवक का चालान किया गया है। साथ ही उसे भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की हिदायत दी गई है।
