हरिद्वार।
लक्सर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन को रोक कर लूट का प्रयास किया गया। सहारनपुर मुरादाबाद रेल मार्ग पर सिग्नल लाइट पर गीली मिट्टी लगाकर बदमाशों ने ट्रेन को रोका और फिर ट्रेन में चढ़ गए। बदमाशों को देखते ही यात्रियों ने शोर मचा दिया जिसके बाद बदमाश खेतों के रास्ते फरार हो गए।बदमाशों ने गोरखपुर चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन को निशाना बनाना चाहा था।
लूट के प्रयास की वारदात पर जीआरपी और उत्तराखंड पुलिस में हड़कंप पहुंचा हुआ है। जीआरपी थाना लक्सर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। घटना में बावरिया गैंग के शामिल होने का अंदेशा जताया जा रहा है। एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला का कहना है कि यात्रियों के शोर मचाने और ट्रेन ड्राइवर की सतर्कता से बदमाश लूटपाट करने में असफल रहे हैं उत्तराखंड पुलिस और जीआरपी संयुक्त रूप से मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
