देहरादून।
नानकमत्ता गुरुद्वारे के मुख्य
सेवादार बाबा तरसेम सिंह की हत्या करने वाले शूटर को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। सोमवार देर रात हरिद्वार जिले के भगवानपुर में हुई मुठभेड़ में शूटर पुलिस की 7 गोलियां लगने से ढेर हो गया। जबकि दूसरा बदमाश भागने में कामयाब रहा।
डीजीपी अभिनव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि एसटीएफ को दोनों शूटरों के सहारनपुर से भगवानपुर के रास्ते आने की जानकारी मिली थी। देर रात भगवानपुर के इमलीखेड़ा में दोनों को घेर लिया गया। दोनों बदमाशों ने भागते हुए पुलिस पर फायरिंग की। जिसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में शूटर अमरजीत उर्फ बिट्टू को गोलियां लगी। जबकि दूसरा शूटर भाग निकला। पुलिस ने अमरजीत को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि उधम सिंह नगर स्थित नानकमत्ता गुरुद्वारा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की बीती 28 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस लगातार हत्यारों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने पंजाब और यूपी से हत्या की साजिश में शामिल रहे तीन लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
