धामी कैबिनेट ने अयोध्या पहुंच किए राम मंदिर के दर्शन, मुख्यमंत्री ने कहा दर्शन कर मन प्रफुल्लित


ब्यूरो
Posted no : 20/02/2024
देहरादून।
मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। इस दौरान सभी बेहद उत्साहित और भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में अपने सहयोगियों सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, डॉ धन सिंह रावत, रेखा आर्य एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल के साथ जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए।
अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में पहुंचे पर मुख्यमंत्री धामी और उनके सहयोगियों का भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। यहां से वह राम जन्मभूमि के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री एवं उनके सहयोगी अयोध्या धाम में प्रभु राम को साष्टांग नमन कर पूजा अर्चना की। राम मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा ‘रघुकुलनंदन के दर्शन कर प्रफुल्लित और उत्साहित हूं’