रुड़की।
पैसों के लालच और फरेब में अंधे हुए एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी शख्स को ये आइडिया क्राइम सीरियल देखकर आया। मामला रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर का है। जहां बीती 7 फरवरी को पुलिस को एक महिला की गंग नहर में डूब कर लापता हो जाने की खबर मिली थी, जबकि पति डूबने से बच गया था। मामले में मुजफ्फरनगर जिले के रामराजपुरा क्षेत्र के रहने वाले मृतक महिला के पिता ने अपने दामाद पर शक जताते हुए हत्या का आरोप लगाया था।
बैंक कर्मचारी महिला से हुआ प्रेम, तो पत्नी को रास्ते से हटाया
पुलिस ने मनीषा के पति अतेंद्र और उसके दोस्त अजय उर्फ रवि के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की। सख्ती से पूछताछ करने पर अतेंद्र ने बताया कि उसने हरिद्वार में आटा चक्की लगाने के लिए अपनी पत्नी मनीषा के नाम से 44 लाख रुपए का बैंक लोन लिया था। इस बीच उसके हरिद्वार के एक बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी के साथ प्रेम संबंध हो गए। बैंक कर्मचारी प्रेमिका ने अतेंद्र को बताया कि अगर उसकी पत्नी मर जाए तो उसे बैंक लोन नहीं चुकाना पड़ेगा। इस पर अतेंद्र ने अपने दोस्त रवि के साथ मिलकर खौफनाक प्लान बनाया और 7 फरवरी को दोनों मनीषा को कार से गंगनहर किनारे ले गए और उसे जबरन शराब पिलाकर गंग नहर में धक्का दे दिया।
सीआईडी देखकर आया आइडिया
हरिद्वार के एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अतेंद्र ने अपने दोस्त रवि को हत्याकांड में साथ देने के लिए 5 लाख देने का वादा किया था। चौंकाने वाली बात ये है कि अतेंद्र को क्राइम सीरियल सीआईडी देखकर ये आइडिया आया था। अतेंद्र पिछले 1 साल से वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा था। पुलिस ने अतेंद्र और रवि को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मनीषा के शव की तलाश की जा रही है।
