रिहायशी इलाकों की गलियों में घूम रहा गुलदार, लोगों में दहशत
ब्यूरो
Posted no : 20/02/2026
हरिद्वार।
राजा जी टाइगर रिजर्व के सीमा के पास बसी रिहायशी कॉलोनी में गुलदार की दहशत बनी हुई है। यहां शिवालिक नगर और रामधाम कालोनी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है। गलियों में बेखौफ चहल कदमी करता गुलदार सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है। बताया जा रहा है कि गुलदार कुछ स्ट्रीट डॉग्स को भी निवाला बना चुका है। घरों के बाहर गुलदार को देखकर लोगों में दहशत बनी हुई है। हालांकि गुलदार की सूचना पर वन विभाग की टीमें भी एक्टिव है और लगातार गश्त कर रही हैं। पटाखों की आवाज से गुलदार के आने पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है। हरिद्वार रेंज के रेंजर शीशपाल सिंह का कहना है कि ये इलाका राजा जी टाइगर रिजर्व की सीमाओं से नजदीक होने के चलते गुलदार आवारा कुत्तों को खाने के लिए पहुंच रहा है। वन कर्मियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
