हरिद्वार।
किशोरियों और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने नव्या योजना का विस्तार किया है। शनिवार को हरिद्वार में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की मौजूदगी में नव्या 2.0 का शुभारंभ किया गया। इस पहल के जरिए देशभर की युवतियों को व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नव्या 2.0 केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना है।

योजना के तहत पात्रता आयु सीमा को 16 से 18 वर्ष से बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष किया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवतियां इसका लाभ उठा सकें।
प्रशिक्षण में आधुनिक तकनीक और उद्योगों की मांग के अनुरूप गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।

इस अवसर पर उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, मदन कौशिक और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों और पीएम जनमन के तहत निर्मित आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन करने के साथ प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed