हरिद्वार।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को तहसील कार्यालय लक्सर में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और अन्य सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में आमजनमानस को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली से अवगत कराने और डेमो के उद्देश्य से रखी गई मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्विघ्न तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में निरंतर निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
