हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में अखाड़ों की पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। देव दीपावली के अवसर पर कुंभनगरी पहुंचे श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों ने पांडेवाला स्थित अपने प्रवास स्थल पर इष्टदेव की विधि-विधान से प्रतिष्ठा की। इसके साथ ही चारों दिशाओं में चार मढ़ियों की स्थापना कर धूनियां प्रज्वलित की गईं। मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
अखाड़े की परंपरा के अनुसार यहां पूजा-अर्चना, जप, ध्यान, सत्संग और तप-साधना का क्रम भी शुरू हो गया है। प्रवास स्थल पर अखाड़े के पारंपरिक शस्त्र भी स्थापित किए गए हैं। अब यहीं से आगामी कुंभ की छावनी स्थापना और अन्य धार्मिक आयोजनों की तैयारियों को गति मिलेगी।
इस दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित मेला प्रशासन के अधिकारियों ने संतों और अखाड़ा पदाधिकारियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं पर चर्चा की। अखाड़े के प्रतिनिधियों ने कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। श्रीमहंत कंचन गिरी ने कहा कि कुंभ सनातन संस्कृति का सर्वोच्च महापर्व है और इसके आयोजन के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
