हरिद्वार।
उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम् हरिद्वार द्वारा प्रदेश में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार, संवर्धन के लिए अष्टादश संस्कृत महोत्सव के अंतर्गत ‘राज्यस्तरीय संस्कृत स्पर्धा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय विशाल आयोजन 23 और 24 अक्टूबर 2026 को महाजन भवन, दूधाधारी चौक, भूपतवाला, हरिद्वार में संपन्न हो रहा है।
उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम् के सचिव और स्पर्धाओं के मुख्य राज्य समन्वयक प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार ने बताया कि खंडस्तरीय संस्कृत स्पर्धाओं का आयोजन 23-24 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में सफलतापूर्वक किया गया था। इस आयोजन से पूरे प्रदेश में संस्कृतमय वातावरण का निर्माण हुआ, जिसमें 45 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता प्रतिभागियों को रु 17,10,000/- की नकद पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि इसके बाद 07, 08 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के 13 जनपदों में आयोजित जनपदस्तरीय स्पर्धाओं में 15 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं को रु 4,91,000/- की पुरस्कार राशि व प्रमाण पत्र दिए गए। अब जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागी हरिद्वार में आयोजित इस राज्यस्तरीय स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य स्तर की इन स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को कुल रु 2,84,000/- के पुरस्कार, प्रतीक चिह्न तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
स्पर्धाओं के राज्य समन्वयक डॉ. हरीश चन्द्र गुरुरानी के अनुसार, इस 02 दिवसीय आयोजन में 13 जनपदों की 156 टीमें भाग ले रही हैं। समारोह का उद्घाटन 23 अक्टूबर को प्रातः और समापन व पुरस्कार वितरण 24 अक्टूबर 2026 की सायं को नियत है।
