हरिद्वार।
वन विभाग की ओर से आयोजित वन्यजीव सप्ताह का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में आयोजित समापन समारोह में वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने वन्यजीव सप्ताह के तहत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, स्मृति चिह्न और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
चित्रकला प्रतियोगिता अलग-अलग वर्गों में आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न स्कूलों के कक्षा छह से आठ तथा कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। छात्रों ने अपनी चित्रकारी के माध्यम से हाथी, तेंदुआ, बारहसिंगा, हिरण, गंगा और जंगल के प्राकृतिक वातावरण को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। कई चित्रों में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश भी प्रभावी ढंग से उकेरा गया।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता के अलावा जागरूकता रैली, विद्यार्थियों को संरक्षित वनों का भ्रमण और वन विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि सप्ताह का मुख्य उद्देश्य लोगों, विशेषकर बच्चों में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है। बच्चों की सक्रिय भागीदारी इस अभियान को और मजबूत करती है।
समारोह में उप प्रभागीय वन अधिकारी पूनम कैथोला और ज्वाला प्रसाद, रेंजर शीशपाल सिंह, महेश शर्मा, विवेक जोशी, राजेश राठौर, ईशा सेठी, आरती पंत, विनीत पांडे, शैलजा और राहुल नेगी समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
