खेल प्रतियोगिता के समापन पर खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को दिए मेडल
ब्यूरो
Posted no : 05/04/2026
हरिद्वार।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को हरिद्वार पहुंचकर मुक्केबाजी प्रतियोगिता का समापन किया। यहां रोशनाबाद ने मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कंपलेक्स में चल रही उत्तराखंड यूथ महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता में सभी जिलों से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे थे। महिला वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता, जबकि पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम रनर-अप रही।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से बॉक्सिंग का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है और वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक खेल तथा कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का झंडा लहराएंगे।
उन्होंने कहा कि खेल कौशल को विकसित करने के लिए मेहनत, समर्पण और अनुशासन आवश्यक है। साथ ही यह भी कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकार आउट ऑफ टर्न नौकरी की व्यवस्था पहले से लागू कर चुकी है। प्रतियोगिता में सभी 13 जनपदों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी।
बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ जनपद की टीम को विजेता घोषित किया गया जबकि पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम रनर अप रही। बालिकाओं के 45 से 48 किलोग्राम वर्ग में पिथौरागढ़ की जया ने गोल्ड मेडल, सविता ने सिल्वर मेडल और नेहा व गुंजन ने ब्रोंज मेडल जीता।
