हरिद्वार।
नगर निगम जमीन खरीद घोटाले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। शनिवार को जांच अधिकारी शासन में सचिव आईएएस रणवीर सिंह चौहान ने हरिद्वार के सराय पहुंचकर विवादित जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डिप्टी कलेक्टर मनीष सिंह, एसडीएम जितेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
आईएएस रणवीर सिंह चौहान ने नक्शे और दस्तावेज के जरिए भूमि के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद नगर निगम पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों से सवाल-जवाब कर उनके बयान भी दर्ज कराए। जांच अधिकारी आईएएस रणवीर सिंह चौहान का कहना है कि प्रकरण की जांच में हर पहलू और बिंदु को शामिल किया जा रहा है। जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी। आपको बता दें कि नगर निगम में कूड़ा निस्तारण प्लांट के विस्तार के लिए खरीदी गई करीब 35 बीघा जमीन में 58 करोड रुपए का घोटाला इन दिनों चर्चा में है। जिसमें नगर निगम के चार अधिकारी सस्पेंड हो चुके हैं।
