हरिद्वार/रुड़की
हरिद्वार जिले के मंगलौर में महिला के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महिला ने दो लोगों पर जबरन गाड़ी में बैठाकर जंगल में दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

मंगलौर निवासी विवाहित महिला ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि बृहस्पतिवार देर रात वह अपने पति के साथ रुड़की -मंगलौर हाईवे पर स्थित एक अस्पताल में गई थी। अस्पताल के बाहर वह कार से उतर गई और उसके पति गाड़ी पार्क करने लगे। आरोपी के मुताबिक इसी दौरान कार सवार दो युवक वहां आकर रुके और उन्होंने जबरन महिला को गाड़ी में खींच लिया और झबरेड़ा की तरफ जंगल में ले गए। महिला के पति ने भी कार से दोनों युवकों का पीछा करने की कोशिश की लेकिन वह पीछा नहीं कर सका।

महिला के मुताबिक जंगल में दोनों युवकों ने उसके के साथ गैंगरेप किया और उसे मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। दोनों युवक महिला को जंगल में ही छोड़कर फरार हो गए। महिला ने बताया कि जैसे तैसे वह पैदल चलती हुई हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। इसकी सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला के पति को जानकारी देते हुए दोनों को कोतवाली लेकर आई। कोतवाली प्रभारी अमरचंद शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *